
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त अरवा राजकमल, पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने नगर परिषद क्षेत्र चाईबासा एवं चक्रधरपुर के विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया. इस दौरान चक्रधरपुर नगर परिषद स्थित छठ घाट पर विधायक सुखराम उरांव, पोड़हाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाथू सिंह मीणा, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभय झा तथा चाईबासा नगर परिषद स्थित छठ घाटों के निरीक्षण किया. चाईबासा नगर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष डोमा मिंज, सदर अनुमंडल पदाधिकारी शशीन्द्र कुमार बड़ाईक, चाईबासा नगर प्रबंधक ज्योति कुमार, सांसद प्रतिनिधि त्रिशानु राय सहित अन्य प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे.

उपायुक्त ने बताया कि सरकार द्वारा निर्गत निर्देशों के तहत छठ पूजा आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में छठ घाटों का निरीक्षण किया गया. उन्होंने बताया कि लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सभी छठ व्रतियों सहित आम जनों से अपील करता हूं कि यदि आप सबों में किन्ही को भी वायरस संक्रमण का कोई भी लक्षण जैसे सर्दी, खांसी, बुखार है तो आप अपने घर में ही छठ पूजा का आयोजन करें एवं चिकित्सक के द्वारा अपना स्वास्थ्य का जांच करवा लें. उन्होंने कहा कि आम जनों से विशेष अपील है कि यथासंभव अपने घर पर ही छठ पूजा का आयोजन करें, यदि आपके घर पर छठ पूजा आयोजन करने के लिए उपयुक्त स्थल नहीं है तो ही छठ घाट पर आएं. यहां नगर परिषद के द्वारा आयोजन को लेकर विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है लेकिन यह ध्यान में रखना होगा कि छठ घाटों पर आपको सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन, मास्क या फेस कवर का इस्तेमाल आवश्यक रूप से करना होगा.
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अजय लिण्डा के द्वारा बताया गया कि हम सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी सरकार द्वारा निर्गत अनुदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करवाते हुए छठ पूजा आयोजन करवाने हेतु कृत संकल्पित है. उन्होंने कहा कि जिला अंतर्गत जितने भी छठ घाट हैं वहां पर सुरक्षा की दृष्टिकोण से आवश्यक पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ मोबाइल टीम, महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करते हुए सभी प्रशासनिक अमला पुरी तरह से सजग और सतर्क है. हमारा यह प्रयास रहेगा कि जिले में शांति एवं सौहार्द के साथ लोक आस्था के छठ महापर्व का आयोजन सफल हो.







