चक्रधरपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के हाथिया पंचायत स्थित रामडा गांव में एक वृद्ध महिला को बच्चा चोर के संदेह में ग्रामीणों ने पिटाई कर दी. महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, रामडा गांव में एक अज्ञात वृद्ध महिला के पहुंचने पर कुछ लोगों को उस पर बच्चा चोरी करने का शक हुआ. देखते ही देखते अफवाह फैली और ग्रामीणों ने वृद्ध महिला को घेरकर उसकी पिटाई कर दी. इस दौरान महिला के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. पिटाई से महिला बुरी तरह जख्मी हो गईं. ग्रामीणों का कहना है कि महिला बच्चा चोरी के इरादे से गांव में आई थी.(नीचे भी पढ़े)
हालांकि, जब महिला से पूछताछ की गई, तो वह ठीक से कोई जानकारी नहीं दे सकी. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. इधर चक्रधरपुर के थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रामडा पहुंचे और महिला को सुरक्षित पीसीआर वैन में बिठाकर चक्रधरपुर थाना ले आए. इससे पहले पुलिस के द्वारा महिला की चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में इलाज भी करवाया गया. थाना प्रभारी का कहना है कि महिला के घरवालों का पता लगाकर उसे उसके घर तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है.







