रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : दुर्गापूजा से पूर्व चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण जर्जर सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. सोमवार को नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव और उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने दोनों सड़कों का स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. इसके तहत वार्ड संख्या-1 में थाना रोड से पुरानी बस्ती होते हुए पवन चौक तक करीब 1100 मीटर सड़क का कालीकरण होगा. इसी तरह सरजू हलवाई से चांदमारी हनुमान मंदिर तक करीब आधा किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा. लंबे समय से जर्जर दोनों सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिनके कारण लोगों को परेशानी हो रही है. दुर्गापूजा को देखते हुए निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा. निरीक्षण के दौरान कनीय अभियंता ने सड़क की मापी भी की. (नीचे भी पढ़ें)
नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि दोनों सड़कें शहर के लिए महत्वपूर्ण हैं. निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों के साथ दुर्गापूजा के दौरान आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि नगर परिषद् क्षेत्र की अन्य जर्जर सड़कों को भी चिह्नित कर उनका चरणबद्ध तरीके से निर्माण एवं मरम्मत कराया जाएगा. उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने भी निर्माण कार्य समय पर पूरा कराने पर जोर दिया. निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद सपन मिस्त्री, कनीय अभियंता राजेश सिंस समेत अन्य लोग मौजूद रहे.




