जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा संचालित टाटा फुटबॉल अकादमी (टीएफए) का 16वां दीक्षांत समारोह जमशेदपुर के कदमा स्थित कुडी महंती ऑडिटोरियम में संपन्न हुई. इस अवसर पर 17वें बैच के कुल 15 कैडेट्स ने सफलतापूर्वक अपना प्रशिक्षण पूरा कर स्नातक (ग्रेजुएट) की उपाधि प्राप्त की. समारोह में भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व खिलाड़ी और अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉलर क्लिफ मिरांडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. वहीं टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम ने सभी पास-आउट कैडेट्स को उपाधि व प्रमाण पत्र प्रदान किए. सम्मानित अतिथि टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु मौजूद थे. समारोह में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली मिडफील्डर एल्विन एशान खैरीम को ‘बेस्ट कैडेट’ के खिताब से नवाजा गया. (नीचे भी पढ़े)

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉलर क्लिफ मिरांडा और टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर रामम ने उन्हें विशेष ट्रॉफी व सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया. मुख्य अतिथि क्लिफ मिरांडा ने कैडेट्स को बधाई दी और उन्हें पेशेवर फुटबॉल की दुनिया में अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि टीएफए से मिला प्रशिक्षण देश के सर्वश्रेष्ठ प्लेटफार्म्स में से एक है, अब खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनानी है. टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर रामम ने कहा कि टाटा समूह हमेशा से देश में खेल और युवाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि 17वें बैच के ये 15 ग्रेजुएट कैडेट्स आने वाले दिनों में देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे. कार्यक्रम के दौरान टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स मुकुल चौधरी सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और कैडेट्स के परिजन मौजूद थे.




