रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर:शनिवार देर रात चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हासमी ने पहुंचे, साथ ही यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों एवं आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और यात्रा संबंधी जानकारी प्राप्त की. इस दौरान एसडीपीओ जीआरपी थाना भी पहुंचे, जहां उन्होंने जीआरपी थाना प्रभारी सोहेल खान से स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, स्टेशन परिसर में होने वाली गतिविधियों तथा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत जानकारी ली. (नीचे भी पढ़े)

इसके बाद उन्होंने ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों से संवाद कर उनकी यात्रा, गंतव्य एवं स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी हासिल की. विदित हो कि विगत दिनों रोजगार दिलाने के नाम पर बाल मजदूरों एवं युवतियों की दूसरे राज्यों में तस्करी जैसे मामले सामने आ चुके हैं. हालांकि चक्रधरपुर थाना पुलिस की तत्परता से अब तक दर्जनों नाबालिग बच्चियों का रेस्क्यू कर उन्हें सीडब्ल्यूसी चाईबासा के सुपुर्द किया जा चुका है.वहीं गुरुवार रात भी सात युवतियों को दूसरे प्रदेशों में होने वाले शोषण एवं प्रताड़ना की जानकारी देकर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने समझा-बुझाकर सुरक्षित उनके घर वापस भेजवाया था.







