
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले कि उपायुक्त अरवा राजकमल व पुलिस अधीक्षक इद्रजीत माहथा ने गुरुवार को पुलिस लाइन चाईबासा में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस के परेड का फुल ड्रेस पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया. कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए. जिले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में झारखंड की महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री श्रीमती जोबा मांझी के द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा. इस दौरान चाईबासा सदर अनुमंडल पदाधिकारी परितोष कुमार ठाकुर एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पांडे मौजूद रहे. परेड पूर्वाभ्यास में जिला पुलिस बल के दो प्लाटून, सरायकेला जिला बल का एक प्लाटून, सहायक पुलिस बल का एक प्लाटून, होमगार्ड बल का एक प्लाटून तथा एनसीसी टाटा कॉलेज के एक प्लाटून ने भाग लिया. पदाधिकारियों के द्वारा निरीक्षण के क्रम में परेड में शामिल जवानों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग के तहत् कम से कम 6 फीट की पर्याप्त दूरी के साथ-साथ परेड के क्रम में मास्क के प्रयोग के साथ-साथ अन्य सुरक्षा निर्देशों का भी विशेष रूप से अवलोकन किया गया. जिले में आगामी 15 अगस्त को 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम चाईबासा पुलिस लाइन केंद्र को चिन्हित किया गया है तथा वहां पदाधिकारियों के देखरेख में सभी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं. मुख्य समारोह पुलिस लाइन पर पूर्वाह्न 9:05 बजे, आयुक्त कार्यालय, जिला परिषद् का कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय,सदर चाईबासा, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी का कार्यालय पर पूर्वाह्न 10:10 बजे तथा जिला समाहरणालय पर पूर्वाह्न 10:50 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा. डीसी की अपील: वायरस संक्रमण को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समस्त कार्यक्रम में भाग लेने हेतु जिले के गणमान्य नागरिक DC West Singhbhum फेसबुक पेज या पेज लिंक https://www.facebook.com/WestSinghbhum.DC/ के द्वारा जुड़ सकते हैं. जिला प्रशासन के द्वारा उपयुक्त ऑनलाइन व्यवस्था विशेषकर जिले में 10 वर्ष या इससे कम आयु के बच्चों एवं 65 वर्ष या इससे अधिक आयु वाले बुजुर्गों के लिए ध्यान में रख कर किया गया है तथा उनसे अपील की गई है कि आप घर पर रहकर ऑनलाइन तरीके से स्वतंत्रता दिवस समारोह में शरीक हों.















