
जमशेदपुर : रिपब्लिक भारत के संपादक अर्नब गोस्वामी के साथ मुंबई पुलिस की मारपीट और दुर्व्यवहार को लेकर देश भर में गुस्सा है. वहीं जमशेदपुर में भी पत्रकारों ने इसको लेकर अपना विरोध दर्ज कराया और महाराष्ट्र सरकार का थू-थू किया कि एक निहत्थे पत्रकार को पुराने केस, जिसका कोई अस्तित्व नहीं था, उसमें उसको गिरफ्तार कर मारपीट की गयी. इसका विरोध किया गया. इस कड़ी में प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर घोर निंदा किया और साकची स्थित जुबिली पार्क चौक के पास अपना विरोध दर्ज कराया. प्रेस क्लब के मुताबिक, यह घटना किसी सरकार के क्रियाकलाप और नैतिकता पर सवाल है.

लोकतंत्र में चौथे स्तंभ की संज्ञा से विभूषित मीडिया के प्रति महाराष्ट्र सरकार की यह बर्बर कार्रवाई इतिहास में दर्ज होगी. महाराष्ट्र सरकार को अगर रिपब्लिक भारत की पत्रकारिता से कोई शिकायत थी तो उससे प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया या उचित वैधानिक मंच पर उठाना चाहिए था परंतु उसने अपनी ताकत के घमंड में जो नंगा नाच किया है वह लोकतंत्र में आस्था रखने वाले सभी सुधि जनों के लिए एक चुनौती है. प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर इस तरह के निंदनीय कार्य की भरपूर भर्त्सना करता है. गुरुवार को प्रेस क्लब के सारे सदस्य काला बिल्ला लगाकर इस घटना का विरोध करेंगे. इस विरोध प्रदर्शन में तमाम पत्रकार, छायाकार समेत अन्य लोग मौजूद थे.






