
चाईबासा: बीती रात चाईबासा के मंगला हाट में देर रात लगभग बारह बजे आठ दुकानों में आग लग गई. जिसके कारण सारी की सारी दुकानें जलकर खाक हो गई. आगजनी में लाखों का नुकसान हुआ है. दुकानदारों का कहना है कि जब एक माह से दुकान बंद है और दुकान की बिजली कटी है तो यह आग कैसे लगी, यह जांच का विषय है. इसमें प्रशासन को अपने स्तर से जांच करनी चाहिए कि आखिरकार जब दुकान बंद है और बिजली कटी है तो फिर आग लगने का कारण क्या है, क्योंकि आए दिन मंगला हाट में आगजनी की घटना होती रहती है. जिसमें वहां के दुकानदारों को काफी नुकसान होता है आपको बता दें कि चाईबासा के मंगला हाट में जूते चप्पल, कपड़े, मनिहारी आदि की दुकानें हैं. दो वर्ष पहले भी इस तरह की घटना हुई थी जिसमें दर्जनों दुकानें जलकर खाक हो गई थी. उस वक्त भी कहा गया था कि यह शॉर्ट सर्किट का मामला है. मगर आज की घटना में दुकानदार यह मानने को तैयार नहीं है कि यह शॉर्ट सर्किट का मामला है. इसलिए दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि वह अपने स्तर से इसकी जांच कराएं. दुकानदारों का यह भी आरोप है कि जब वह रात को वहां सोते थे तो उन्हें क्यों प्रशासन के द्वारा हटाया गया. वह सभी अपनी-अपनी दुकानों की रखवाली किया करते थे, तथा दुकानदारों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि पुलिस प्रशासन मंगला हाट में गस्ती बढ़ाएं क्योंकि रात के अंधेरे में असामाजिक तत्वों के द्वारा नशा पान का सेवन कर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है.











