चाकुलिया: चाकुलिया स्थित संपर्क कार्यालय में जिला अध्यक्ष चंडीचरण साव की अध्यक्षता में भाजपा चाकुलिया मंडल कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. इस बैठक में चाकुलिया मंडल के सभी 68 बुथ समितियों का गठन करने तथा विभिन्न गांवों में व्याप्त समस्याओं पर विचार-विमर्श हुआ. प्रत्येक बुथ पर 9 सक्रिय युवा तथा 3 महिलाओं की समिति बनाने का निर्णय लिया गया. बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि झामुमो गठबंधन सरकार ने विगत 5 माह में लोगों को निराश किया है. सत्तारूढ दल के नेताओं के संरक्षण में प्राकृतिक संसाधनों का धड़ल्ले से लूट-खसोट हो रहा है. विद्यालयों में शिक्षकों भारी कमी है बावजूद इसके विद्यालयों के पीजीटी एवं टीजीटी शिक्षकों के 8900 पदों को समाप्त कर हेमन्त सरकार ने युवाओं के भविष्य पर कुठाराघात किया है. (नीचे भी पढ़े)
सरकार के इस निर्णय से सरकारी स्कूलों के पठन-पाठन पर असर होगा. बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों के लोग पेयजल की भीषण संकट का सामना कर रहे हैं. राज्य सरकार नागरिकों के मूलभूत जरूरतों को भी पूरा करने में नाकाम है. चाकुलिया और बहरागोड़ा के रोगियों को समय पर एम्बुलेंस भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. डॉ गोस्वामी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं के समाधान में विशेष भूमिका निभाने का आह्वान किया. बैठक को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, जिला सदस्यता प्रभारी लखन मार्डी, जिला महामंत्री सत्या तिवारी, जिला मंत्री गीता मुर्मू, शतदल महतो ,दिनेश सिंह समेत अन्य ने भी संबोधित किया. बैठक का संचालन हरिसाधन मल्लिक ने किया. इस अवसर पर तपन बेरा, भरत पात्र, शचिन्द्रनाथ पाल, चंडीचरण मुंडा, देवाशीष मंडल, महादेव महतो, उत्तम मुर्मू, जहर गोप, शंकर गोस्वामी, हिमांशु बेरा, तपन नायक, दीपेश पलाई, संदीप चंद, मुन्ना भारती, परिमल दास, राणाप्रताप गोप, रोहित पति समेत अन्य उपस्थित थे.



