रामगोपाल जेना/चाईबासा : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने मंगलवार को यहां कोल्हान विश्वविद्यालय के नये कुलपति का प्रभार ग्रहण कर लिया. इस प्रकार कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा को लंबे अंतराल के बाद आखिरकार फिर स्थायी कुलपति मिल गया. नयी कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने आज चाईबासा पहुंच कर विधिवत् प्रभार ले लिया. डॉ गुप्ता आज चाईबासा पहुंचीं और विभागीय प्रक्रिया पूरी करते हुए कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति की जिम्मेदारी संभाल ली. (नीचे भी पढ़ें)

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने नये कुलपति के रूप में अपनी प्राथमिकताएं भी बताईं. उन्होंने कहा कि शैक्षणिक सत्र को नियमित करना, शिक्षकों और छात्रों की जरूरी समस्याओं और शिकायतों को दूर करते हुए विश्वविद्यालय को बेहतर स्थिति में लाना उनकी प्राथमिकता होगी. शिक्षकों की कमी, वोकेशनल शिक्षकों के वेतन भुगतान और अनुबंध विस्तारीकरण की समस्या के समाधान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अचानक से सब कुछ नहीं किया जा सकता, लेकिन धीरे-धीरे पूरी व्यवस्था में सुधार होगा.



