बड़ाजामदा : पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा थाना क्षेत्र के प्लॉट साई बस्ती में गुरुवार रात एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गयी. अधूरे मकान की छत पर सो रहे रवि सांडिल उर्फ चंडी (25 वर्ष) की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गयी. घटना की सूचना मिलने पर बड़ाजामदा पुलिस शुक्रवार देर शाम को मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर थाना ले गयी. पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर और चाकू जब्त किया है. मृतक के पिता दुला सांडिल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया. त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को पुलिस ने बिंदु जोजो सामंत नामक युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की गयी. (नीचे भी पढे़ं)
पूछताछ के क्रम में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और हत्या करने वाले बिंदु जोजो को गिरफ्तार कर चाईबासा जेल भेज दिया है. मृतक के पिता दुला सांडिल ने बताया कि गुरुवार को किसी बात को लेकर उनके बेटे रवि सांडिल और उसके दोस्त बिंदु जोजो के बीच झगड़ा हुआ था. इस दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी, जिसमें बिंदु जोजो ने पत्थर से कूचकर हत्या करने की धमकी दी थी. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था. उन्होंने आशंका जताई कि उसी रंजिश में उनके बेटे की हत्या की गयी है. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.



