चाईबासा / रामगोपाल जेना – चाईबासा के सदर एसडीपीओ कार्यालय में मंगलवार को नवनिर्मित पुलिस गेस्ट हाउस सह सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया गया. विधायक दीपक बिुरुवा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि इस भवन से सभी पुलिसकर्मियों को लाभ होगा. मुख्यालय होने की वजह से पुलिसकर्मियों का यहां आना जाना लगा रहता है.

विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि झारखंड पुलिस एसोसिएशन पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के आग्रह पर विधायक निधि से गेस्ट हाउस का निर्माण कराया गया है. अन्य जिला से आए पुलिस अधिकारी, कर्मी विभागीय कार्य से चाईबासा आते रहते हैं, ऐसे में उनके लिए ठहरने व आराम करने की सुविधा उपलब्ध होगी. साथ ही दीपक बिरुवा ने एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू के आग्रह पर नवनिर्मित गेस्ट हाउस के ऊपर कांफ्रेंस हॉल बनाने की घोषणा की. कार्यक्रम के दौरान आईपीएस पारस राणा, एसडीपीओ दिलीप खालखो, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सुधीर कुमार, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र मंसु गोप, सदर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी पवनचंद्र पाठक और विधायक प्रतिनिधि घनश्याम दरबारा मौजूद थे.












