रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर के पवन चौक के समीप स्थित मुनीबाबा धर्मशाला में श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव धूमधाम से मनाया गया. समारोह में बाहर से आमंत्रित कलाकारों ने अपने भजनों के जरिये बाबा श्याम का गुणगान किया. ‘श्याम बाबा आज थाणे आनो है… ’, ‘होली खेल रहे नंद लाल… ’, ‘आज बिरज में होली रे रसिया… ’, ‘राधा रसिक बिहारी लाल के होली उत्सव से ओत-प्रोत एक से बढ़कर एक सुन्दर भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. भजनों पर भक्त देर रात तक झूमते रहे. इससे पहले कार्यक्रम स्थल पर श्री श्याम की पूजा-अर्चना की गई, श्याम बाबा का अलौकिक शृंगार किया गया एवं बाबा को छप्पन भोग अर्पित किये गए. इसके पश्चात पंडित ने इत्र की वर्षा, फूलों की होली और रंग-गुलाल की होली की शुरुआत की. यहां श्रद्धालु बाबा श्याम के चरणों में रंग अर्पित कर भक्ति के रंग में रंग गए. वहीं बाबा के दिव्य शृंगार और भव्य दरबार ने सभी भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

बाहर से आमंत्रित गायक कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज में भजन प्रस्तुत कर भक्तों को भक्ति रस से सराबोर कर दिया. कोलकाता से आई श्वेता कौशिक, धनबाद के अभिषेक सिंघल, राजनांदगांव के निखिल श्याम ने भजनों की प्रस्तुति की, जबकि राउरकेला के महेश म्यूजिकल ग्रुप ने म्यूजिक दिया. कलाकारों ने भजन और म्यूजिकल ग्रुप की धुनों ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से आकाश अग्रवाल, अभिषेक भगेरिया, सचिन केजरीवाल, अवध खीरवाल, मनोज भगेरिया, मोहित भगेरिया, विपुल भूत, विवेक महेश्वरी आदि ने सराहनीय योगदान किया.



