रामगोपाल जेना,चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत खुंटपानी प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बनामगुटू में बच्चों को परोसे गए मिड डे मील में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है. घटना के बाद विद्यालय में अफरातफरी मच गई. बच्चों ने भोजन को फेंक दिया और कई बच्चों ने भूखे प्यासे ही स्कूल में पढ़ाई की.विद्यालय की शिक्षिका एंजिला हेम्ब्रम ने मामले की शिकायत खूंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा को दी.सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा एवं जिला परिषद सदस्य यमुना तियू विद्यालय पहुंचे और स्थल निरीक्षण किया.जांच के दौरान शिक्षकों एवं बच्चों से पूछताछ की गई. निरीक्षण में आरोप लगाया गया कि सेंट्रलाइज्ड किचन द्वारा भेजा जा रहा मध्यान्ह भोजन बेहद घटिया गुणवत्ता का है. (नीचे भी पढ़े)

बताया गया कि भोजन में न तो हरी सब्जियों का सही उपयोग होता है और न ही गुणवत्तापूर्ण सामग्री दी जाती है. कई बार सड़े-गले आलू एवं खराब भोजन भेजे जाने की शिकायत भी सामने आई है.
प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने आरोप लगाया कि जब भी उच्च अधिकारी जांच के लिए आते हैं, उससे पहले सूचना पहुंच जाती है और उस दिन बेहतर भोजन उपलब्ध करा दिया जाता है, जबकि सामान्य दिनों में बच्चों को निम्नस्तरीय भोजन दिया जाता है.उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले संबंधित एनजीओ के लाइसेंस को रद्द किया जाना चाहिए. साथ ही जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से पूरे मामले में गंभीरता से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई है. चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी.







