रामगोपाल जेना/चाईबासा : चाईबासा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह चाईबासा डीएलएसए के अध्यक्ष मो शाकिर की उपस्थिति में चाईबासा सिविल कोर्ट परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. योग प्रशिक्षक सुनील प्रजापति ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों व न्यायिक कर्मियों को योगाभ्यास कराया एवं योग के विषय में लाभकारी बातें बताईं. उन्होंने कहा कि करो योग रहो निरोग, योग से मनुष्य के स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क संभव है. (नीचे भी पढ़ें)

प्राधिकार के सचिव ने योग दिवस पर अपने संदेश में कहा कि 11वां विश्व योग दिवस मना रहा है. यह दिन लोगों के बीच योग का महत्व और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है. योग करने से हम तनाव मुक्त रह सकते हैं जो हमें मानसिक शांति प्रदान करता है. योग की सहायता से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाये रखने में मदद मिलती है. उन्होंने बताया कि प्राधिकार के तत्वावधान में चक्रधरपुर और चाईबासा न्यायालय परिसर के अलावा मंडल कारा, बाल संप्रेक्षण गृह एवं सभी लीगल एड क्लिनिकों में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संबंधित विभागीय लोगों ने हिस्सा लिया.











