जमशेदपुर : ज़ेवियर पब्लिक स्कूल जमशेदपुर के आसनबनी के पास स्थित डोरकासाई में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय ने विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा से हुई, जहां योग दिवस की पृष्ठभूमि, इसके इतिहास और महत्त्व के बारे में छात्रों को जानकारी दी गई. (नीचे भी पढ़े)

विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकगण ने बताया कि किस प्रकार संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया, और यह पूरे विश्व में भारतीय परंपरा एवं संस्कृति की एक मजबूत पहचान बन चुका है. इसके पश्चात सभी छात्र-छात्राओं को क्रमवार रूप से स्कूल के मल्टीपर्पस हॉल में एकत्रित किया गया, जहां कक्षा-वार योग अभ्यास सत्र का आयोजन हुआ. इस सत्र का सफल संचालन विद्यालय के योग प्रशिक्षक प्रशान्त कुमार पॉल (पीजीटी शिक्षक) एवं संचारी पांडा (टीजीटी शिक्षिका) द्वारा किया गया. (नीचे भी पढ़े)

शिक्षकों ने छात्रों को ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, और प्राणायाम जैसे विभिन्न योगासन कराए. इससे सभी बच्चो में अलग सा जोश आ गया. प्रत्येक आसन के साथ उसके शारीरिक और मानसिक लाभों को भी विस्तार से समझाया गया. साथ ही, उन्होंने छात्रों को नियमित योगाभ्यास करने की प्रेरणा दी ताकि वे तनावमुक्त, सक्रिय और आत्म-नियंत्रित जीवन जी सकें. साथ ही, पोस्टर मेकिंग के द्वारा भी जागरूकता फैलाई गयी और योग के महत्त्व के बारे में बताये गये. बच्चों की भागीदारी अत्यंत सराहनीय रही, उन्होंने पूरे जोश, अनुशासन और एकाग्रता के साथ योग क्रियाओं को किया. विद्यार्थियों ने इस सत्र के माध्यम से न केवल नई चीज़ें सीखीं, बल्कि यह भी समझा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण कला है.











