
जमशेदपुर : जमशेदपुर में संगठित अपराध को रोकने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है. इस कड़ी में पहले पुलिस ने सीतारामडेरा स्लैग रोड में गोली चलाने वाले सुधीर दुबे एंड गैंग के सात लोगों को जेल भेजा था तो सोमवार को पुलिस ने दुमका जेल में बंद गैंगस्टर अखिलेश सिंह के सहयोगी बागबेड़ा बस्ती निवासी कंहैया सिंह, बागबेड़ा प्रधान टोला निवासी अखिलेश सिंह, बागबेड़ा प्रधान टोला आदर्श सोसाइटी निवासी राजकुमार मंडल, विजय, सीतारामडेरा के भुइयांडीह निवासी अंशु चौहान और गोलमुरी टुइलाडुंगरी निवासी राजा सिंह को जेल भेज दिया है.
इस मामले में पुलिस सचिन सिंह और कंहैया सिंह के भाई सोमनाथ सिंह को भी जेल भेजेगी, लेकिन चूंकि, सचिव को गोली मुंह में लगी है और उसकी स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं है, इस कारण उसको जेल नहीं भेजा जा सका है. उसको बाद में टीएमएच से छुट्टी होने के बाद जेल भेजा जायेगा. कंहैया सिंह को जैसे ही टीएमएच से छुट्टी दी गयी, वैसे ही पुलिस ने सबको जेल भेज दिया. अब सुधीर दुबे गैंग के सात लोग और अखिलेश सिंह गैंग के छह लोग जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में बंद हो गये है.

अब इस मामले में सचिन सिंह को जेल भेजने के पहले हो सकता है कि इलाज के लिए कोलकाता भेजा जाये. इसकी प्रक्रिया चल रही है. परिवार के लोग उसको कोलकाता ले जाना चाहते है, जिसके लिए चिकित्सकों ने मंजूरी दे दी है. वैसे इस टीम में जमशेदपुर के सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट समेत तमाम पदाधिकारियों ने मिलकर काम किया है. जमशेदपुर पुलिस की पूरी टीम ने काफी प्रोफेशनल तरीके से पूरे कांड के सारे गुंडो को जेल भेज दिया है. इस तरह की कार्रवाई शायद ही पहले कभी हुई हो.














