
जमशेदपुर : मजदूर संगठन इंटक के यूथ विंग यूथ इंटक के कोल्हान प्रभारी और यूथ इंटक के प्रदेश महासचिव अंजनी पांडेय ने टाटा स्टील से इएसएस ले लिया है. अरली सेपरेशन स्कीम हाल ही में टाटा स्टील द्वारा लांच किया गया है, जिसके तहत सुनहरे भविष्य की योजना का नाम दिया गया है. इस योजना का लाभ लेने के लिए अंजनी पांडेय ने अपनी ओर से आवेदन दिया था. वे पिछले कई वर्षों से टाटा वर्कर्स यूनियन में सक्रिय राजनीति में थे. वे जमशेदपुर के यूथ इंटक के जिला अध्यक्ष भी रह चुके है जबकि कमेटी मेंबर के तौर पर टाटा वर्कर्स यूनियन में अपनी छाप छोड़ी थी और पूर्व अध्यक्ष आर रवि प्रसाद के करीबी में से एक थे. अंजनी पांडेय वर्तमान में टाटा स्टील के पावर हाउस 4 विभाग में वर्कर ग्रेड एस 17 में सीनियर टेक्निशियन के तौर पर काम कर रहे थे. बताया जाता है कि इएसएस के लिए वे खुद आवेदन दे चुके है. उनके इएसएस को राजनीतिक दबाव के तौर पर बताया जा रहा था, लेकिन खुद अंजनी पांडेय ने इससे इनकार किया और कहा कि काफी ज्यादा वर्षों तक काम कर चुके थे. कंपनी की ओर से अच्छा ऑफर दिया गया और खुद से उन्होंने इएसएस ले लिया. इस कारण इसमें किसी तरह का कोई राजनीतिक दबाव की बात नहीं है. उन्होंने कहा कि उनका परिवार पूरी तरह सेटल है. बच्चे भी अब कमा रहे है. वे भी इएसएस लेकर बिजनेस करना चाहते है, जिस कारण यह कदम उन्होंने उठाया है. सबका सहयोग पहले भी मिला है और आगे भी मिलेगा, ऐसी उम्मीद है.



