
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत के जामडोल गांव में संचालित स्टार्क रीज पेपर मिल के मेन गेट पर रविवार को मिल के मजदूरों और ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। मौके पर एक प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी प्रबंधन से मिलकर 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्थानीय मजदूरों का कंपनी में स्थायीकरण, प्रदूषण अविलंब रोकने, किसानों की जमीन पर कंपनी द्वारा केमिकल युक्त पानी को न छोड़ने, केमिकल युक्त पानी से हुई फसल की क्षति पूर्ति कंपनी द्वारा किसानों को देने, कंपनी में कार्यरत स्थानीय मजदूरों को स्वास्थ्य सुविधा देने, गांव से कंपनी तक जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत और कंपनी द्वारा सड़क पर एलईडी बल्ब लगवाये जाने, कंपनी में कार्यरत स्थानीय मजदूरों के साथ दुर्व्यवहार बंद करने और दुर्व्यवहार करने वाले पदाधिकारी पर कारवाई करने, कंपनी संचालन के लिए स्थानीय कमेटी का गठन करने समेत अन्य मांगें शामिल हैं। मौके पर उपस्थित मजदूर और ग्रामीणों ने कहा कि जब तक कंपनी प्रबंधन द्वारा उनकी मांगों पर पहल नहीं की जाती है तब तक कंपनी का मेन गेट बंद रहेगा और कंपनी में कार्य ठप रहेगा। इस दौरान पंचायत की मुखिया मंजुला मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य कुवंर मांडी, ग्राम प्रधान निरंजन दत्त, वार्ड सदस्य बीरबल गिरि, महादेव सिंह, प्रदीप महतो, बादल सिंह, राजेश्वर सिंह, घनश्याम महतो समेत अन्य मजदूर और ग्रामीण उपस्थित थे। मौके पर कंपनी के सीओ निरंजन महंती ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मजदूरों और ग्रामीणों की मांगों को वे कंपनी प्रबंधन के समक्ष रख कर जल्द समाधान करने का प्रयास करेंगे।




