
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स देश के सबसे प्रतिष्ठित ऑटो ब्रांड की श्रेणी में आ जायेगा. इसके लिए सबको कड़ी मेहनत करने की जरूरत है. मैनेजमेंट से लेकर आम मजदूर और यूनियन को मिलकर काम करना होगा ताकि कंपनी को और आगे ले जाया जा सके. यह बातें टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट हेड विशाल बादशाह ने कहीं. श्री बादशाह टाटा मोटर्स के मुख्य झंडोतोलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.

जमशेदपुर के टेल्को स्थित सुमंत मुलगांवकर स्टेडियम में आयोजित मुख्य झंडोतोलन कार्यक्रम के दौरान प्लांट हेड ने पहले गारद की सलामी ली और फिर झंडोतोलन किया. इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया. इस मौके पर विशाल बादशाह ने कहा कि टाटा मोटर्स को 2024 तक देश का प्रतिष्ठित ब्रांड बनाया जाना है.

इसके लिए सबको कड़ी मेहनत करनी होगी जबकि जीरो एक्सीडेंट का साल नये साल को मनाया जाना है, जिसके लिए सबको सचेत रहना होगा. उन्होंने बताया कि टाटा मोटर्स टेल्को कॉलोनी का भी विस्तार करने वाली है. इसके तहत 98 बहुमंजिली इमरातें और 278 सिंगल स्टोरी हाउस का नवीनीकरण हो रहा है जबकि 37 बहुमंजिला इमारतों और 325 सिंगल स्टोरी हाउस का मरम्मत कराया जा रहा है.

पानी संरक्षण पर सबको सहयोग करने की अपील करते हुए विशाल बादशाह ने कहा कि पहली बार टेल्को कॉलनी के 794 प्वाइंट में पानी का मीटर लगाया जायेगा ताकि पानी का कहां बरबादी हो रहा है, उस पर नजर रखा जा सके. यहां श्वान टीम ने अपने करतब से सबको रोमांचित कर दिया. लोगों ने इसमें बढ़चढ़कर हिस्सा लिया. स्थानीय लोगों ने भी यहां रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये.








