
जमशेदपुर : टाटा कमिंस यूनियन का चुनाव रविवार को सुबह 7 बजे से 10 बजे के बीच सम्पन्न हो गया. इस चुनाव में 19 सीट पर मतदान हुआ जिसमें काफी संख्या में मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया. 19 सीट के कमिटी मेंबर के लिए कुल 57 लोगो ने नामांकन पत्र भरा और फिर वोटिंग हुई. जीते हुए कमिटी मेम्बर अब अध्यक्ष समेत अन्य पदों के लिए पदाधिकारियों का चयन करेंगे. (नीचे देखे पूरी खबर)

शनिवार को जारी हुई चुनाव की अधिसूचना, अनूप सिंह को लेकर उहापोह
टाटा कमिंस के विवादित चुनाव को लेकर शनिवार को चुनाव पदाधिकारी हरेंद्र प्रताप सिंह ने अधिसूचना जारी की थी. अधिसूचना के तहत मतदान सुबह 7 से 10 बजे तक कंपनी परिसर में होगा जबकि 7 दिसंबर 2021 को इसी चुनावी प्रक्रिया को निवर्तमान अध्यक्ष सह बेरमो विधायक अनूप सिंह की शिकायत पर उप श्रमायुक्त ने असंवैधानिक बताते हुए मतदान से एक दिन पहले रोक लगा दी थी. यूनियन में अप्रैल 2018 में पिछला चुनाव हुआ था जिसका कार्यकाल अप्रैल 2021 को समाप्त हो चुका है. टाटा कमिंस प्रबंधन नहीं चाहती है कि बाहरी व्यक्ति यूनियन का अध्यक्ष हो, लेकिन हाल के दिनो में सुलह की संभावना बढ़ गयी थी. पिछले दिनों एक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए जमशेदपुर आए कमिंस यूनियन के निवर्तमान अध्यक्ष अनूप सिंह ने टाटा कमिंस के अधिकारियों के साथ लगभग एक घंटे वार्ता के बाद 26 मई को चुनाव की नई प्रक्रिया की घोषणा की बात कहीं थी. लेकिन शनिवार को पुरानी चुनावी प्रक्रिया फिर से शुरू की अधिसूचना जारी कर दी गयी. पूर्व महामंत्री अरुण सिंह की बर्खास्ती के बाद अनूप सिंह के साथ प्रबंधन का विवाद गहरा गया था. इसके खिलाफ कंपनी के 11 अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करा दिया था.






