जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के राज होटल के समीप एक बाइक व मोबाइल लूट की घटना को तीन बदमाशों ने अंजाम दिया. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक मालिक को थप्पड़ मार कर बिष्टुपुर की ओर फरार हो गए. घटना शुक्रवार रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच की बतायी जाती है. लूट का शिकार भुक्तभोगी मानगो मुंशी मोहल्ला बैकुंठ नगर निवासी राजू नामता ने शनिवार सुबह जुगसलाई थाना जाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी. उसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और हरकत में आते हुए बदमाशों की टोह लेनी शुरु की. घटना के 35 घंटे बाद भी अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. जांच में जुटी पुलिस ने स्टेशन रोड से लेकर जुगसलाई तक के सीसीटीवी खंगाले. उसमें पुलिस को अपराधियों का सुराग लगा है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
स्टेशन से तीन युवकों को दी थी लिफ्ट
पुलिस के अनुसार बाइक सवार राजू नामता से तीन लोगों ने लिफ्ट मांगी थी. वह तीनों को बाइक पर बैठाकर खुद ड्राइव करते हुए आगे बढ़ने लगा. जुगसलाई अंडरब्रिज के पास पहुंचने पर सुनसान रास्ते का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने उसे रोका और डरा धमका कर मारपीट की और बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए. पुलिस अपराधियों द्वारा लूटी गयी मोबाइल को भी ट्रेस कर रही है. इस संबंध में तीन अज्ञात के बदमाशों के खिलाफ जुगसलाई थाना में लूट का मामला दर्ज किया गया है.







