जमशेदपुर : शहर में इन दिनों छिनतई करने वाला व झपट्टा मार गिरोह सक्रिय है. इन गिरोह के सदस्यों को पुलिस का भी खौफ नहीं है. अब तो दिन दहाड़े घटना को अंजाम देने लगे हैं. रविवार को भी सीतारामडेरा थाना इलाके के मानगो छोटा पुल के पास महिला के कान से झुमका को झपट्टा मारकर बदमाश चलते बने. इस घटना में महिला का कान कट गया. लूट की शिकार महिला ऊषा रानी सिंह मानगो टीचर्स कॉलोनी की रहने वाली है. घायल अवस्था में ही महिला ने घटना की जानकारी अपने बेटे को दी. उसके बाद उसके पति संतोष कुमार घटनास्थल पहुंचे और पत्नी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला के कान में टांके लगाने पड़े. (नीचे भी पढ़ें)
महिला ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों बदमाश नदी किनारे खटाल की तरफ फरार हो गए. बेटे प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि उसकी मां बस स्टैंड के नजदीक मोबाइल की दुकान पर दोपहर का भोजन देने आई थी. वापस घर लौटते वक्त छोटे पुल पर बदमाशों ने कान से सिटी गोल्ड का झुमका छीन लिया. घटना की जानकारी पाकर महिला के पति संतोष कुमार सिंह भी अस्पताल पहुंच गए. उनकी एमजीएम के पास पान की दुकान है. घटना की सूचना देने के लिए पुलिस को फोन लगाया गया, लेकिन नंबर नहीं मिला. इस बाबत बाद में पुलिस को शिकायत की गई, जिसके बाद पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुट गई है. घटना अपराह्न ढाई से तीन बजे के बीच की है.







