
मानसा : पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (29) की रविवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. उनका पूरा नाम शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला था. मानसा के जवाहरपुर गांव में उन पर ताबड़तोड़ 20 राउंड गोलियां चलाई गई. उस वक्त वे काली रंग की जीप में सवार थे. उनके साथ दो अन्य लोग भी थे, जो कि सुरक्षा कर्मी हो सकते हैं. घायल अवस्था में उन्हें मानसा के सिविल अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जिस जगह उन्हें गोलियों से भूना गया वह इलाका पाकिस्तान के बॉर्डर से सटा हुआ है. दिनदहाड़े घटित इस घटना के बाद पंजाब के साथ-साथ देश विदेश में बसे उनके करोड़ों प्रशंसकों में रोष व्याप्त है. घटना के बाद पंजाब की राजनीति में हड़कंप मच गया है. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जाता है कि बाइक पर सवार बदमाशों ने मूसेवाला पर फायरिंग की. उस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने भी गोलियां चलाई. मूसेवाला की सुरक्षा पंजाब सरकार ने एक दिन पूर्व ही घटायी थी. सरकार ने 424 लोगों की सुरक्षा हटाई थी, जिसमें मूसेवाला का भी नाम था. उनके 10 में से 8 अंगरक्षकों को हटा लिया गया था. माना जा रहा है कि मूसेवाला हत्याकांड में तीन अपराधिक गिरोहों की संलिप्तता है. इनमें गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई पर संदेह जताया जा रहा है. भगवंत मान सरकार और अरविंद केजरीवाल पर सुरक्षा को लेकर राजनीति पार्टियों ने हमला बोल दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

सोशल मीडिया में भी पंजाब की विधि-व्यवस्था पर उंगलियां उठनी शुरू हो गई है. आपको बता दें कि मूसेवाला ने विगत विस चुनाव में कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें आप के उम्मीदवार विजय सिंगला ने 63 हजार 323 वोटों से हराया था. सिद्धू मूसेवाला ने पंजाबी गीतों व अपनी आवाज से युवा दिलों में जगह बना ली थी. सिद्धू मूसेवाला ने पिछले महीने अपने एक गाने ‘बली का बकरा …’ में आम आदमी पार्टी को देशद्रोही बताया था. सिद्धू मूसेवाला अपनी गीतों के माध्यम से गन कल्चर को बढ़ावा देने के लिए मशहूर थे.







