
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित होटल अलकोर में वेश्यावृति के मामले में जमशेदपुर में नवपदस्थापित एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने खुद से जांच भी कर रहे है और पूरे मामले के अनुसंधानकर्ता (आइओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये है. इस निर्देश में एसएसपी ने आइओ को कहा है कि होटल अलकोर के मामले में सीसीटीवी और अन्य दस्तावेजों की मांग के लिए अर्जी सौंपे, जिसके आदेश आने के बाद नये सिरे से सारे दस्तावेजों और सीसीटीवी की जांच की जायेगी. इस मामले की नये सिरे से जांच होने के बाद बचे हुए आरोपियों पर भी कोई कार्रवाई की जा सकती है. वैसे अब तक इसको लेकर पुलिस ने काफी कार्रवाई की है. इस मामले में नौ लोगों को पुलिस ने जेल भेज दिया था. होटल अलकोर के मालिक राजीव दुग्गल, व्यापारी लड्डू मंगोतिया समेत नौ लोगों को पुलिस जेल भेज चुकी है. इस मामले में अब तक सारे लोग जेल में ही बंद है. दूसरी ओर, अबतक जमानत को लेकर किसी तरह की कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है. जमशेदपुर कोर्ट में शुक्रवार से कामकाज की शुरुआत तो की गयी, लेकिन किसी की जमानत अर्जी की सुनवाई इस केस से संबंधित नहीं हो पायी. अब अगर सुनवाई होगी तो सोमवार या मंगलवार को सुनवाई होगी क्योंकि अगर अभी अर्जी लगायी गयी है तो फिर उसकी सुनवाई का नंबर आयेगा तो सोमवार या मंगलवार को जमानत पर सुनवाई होगी. इसके अलावा झारखंड हाईकोर्ट में दर्ज एफआइआर को ही क्वाशिंग के लिए अर्जी लगायी गयी है, जिसकी भी सुनवाई नही हो पा रही है. इस पूरे मामले में सारे आरोपियों के खिलाफ पुलिस भी साक्ष्य कोर्ट में प्रस्तुत कर रही है ताकि उनको निचली अदालत से किसी तरह की राहत नहीं मिल सके और हाईकोर्ट में अगर सुनवाई होती है तो पुलिस का पक्ष मजबूती से रखा जा सके.







