
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना अंतर्गत शहरी क्षेत्र के मुख्य बाजार में बीते रविवार को चचेरे भाइयों में हुए मारपीट मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी 24 वर्षीय प्रशांत साव व उसके पिता 52 वर्षीय नवल किशोर साव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं. वहीं मनोहरपुर पुलिस ने दोनों को उनके घर से छापेमारी कर गिरफ्तार किया हैं जबकि इसी मामले में अन्य लोगो की संलिप्तता को लेकर अनुसंधान की जा रही हैं.

मामला इस प्रकार है:-
जानकारी के अनुसार मनोहरपुर के 21 वर्षीय साहिल साव को उसके चचेरे भाई प्रशांत साव एवं उसके पिता नवल किशोर साव ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घायल साहिल ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच दुकानदारी को लेकर लड़ाई शुरू हुई. इसी बीच प्रशांत ने अपने पिता व अपने स्टाफ के साथ मिलकर जबरन उसे अपने दुकान ले गए. वहां उसके साथ मारपीट की, जहां मुख्य आरोपी प्रशांत ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी के बैट से जोरदार प्रहार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. वहीं घटना में बीच बचाव करने आये पिता गणेश साव को भी प्रशांत व नवल ने मारकर घायल कर दिया था. बाद में स्थानीय लोगों व परिजनों ने घायल साहिल व गणेश को इलाज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां साहिल की हालत को गंभीर बताते हुए चिकित्सको ने उसे बेहतर ईलाज के लिए रेफर कर दिया हैं.
पीड़ित साहिल के शिकायत पर हुआ मामला दर्ज, काउंटर केस भी किया गया
इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गंभीर रूप से घायल साहिल के बयान पर घटना के मुख्य आरोपी प्रशांत व उसके पिता नवल साह समेत अन्य लोगों पर कांड संख्या 17/20 के तहत मामला दर्ज किया हैं. आरोपी प्रशांत साव व नवल किशोर साव ने भी मामले में साहिल व गणेश पर मारपीट किये जाने की शिकायत करते हुए काउंटर केस किया है. जहां पुलिस ने कांड संख्या 18/20 के तहत मामला दर्ज कर दोनों मामलों की तफ्तीश मे जुट गई हैं. वहीं मामले को लेकर मारपीट संबंधी एक वीडियो भी वायरल हुआ. जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई हैं.
दोनों लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जांच जारी है : डीएसपी
मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि मारपीट मामले में दोनों पक्षो ने मामला दर्ज कराया हैं. कहा कि प्रारंभिक जांच व वायरल हुई वीडियो को देखने के बाद व जांच के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 17/20 के मुख्य आरोपी प्रशांत साव उसके पिता नवल किशोर साव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया हैं. जबकि मामले में दूसरे लोगो की संलिप्तता व दूसरे पक्ष की शिकायत को लेकर जांच की जा रही है, जहां जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी.






