
जमशेदपुर : जमशेदपुर में खनन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है. खनन विभाग ने क्वार्टजाइट पत्थर के अवैध खनन का भंडाफोड़ किया है. कमलपुर थाना क्षेत्र में अवैध तरीके से खनन का कार्य चल रहा था, जिसकी सूचना खनन पदाधिकारी को मिली, जिसके आधार पर कमलपुर में खनन पदाधिकारी ने छापामारी की, जिसके बाद अवैध क्वार्टजाइट को जब्त किया. यहां करीब 601 मीट्रिक टन क्वार्टजाइट पत्थरों को जब्त किया गया है. इसको लेकर खनन पदाधिकारी के निर्देश पर तीन लोगों के खिलाफ एफआइआर दायर किया गया है. इस छापामारी में पोटका के सीओ बालेश्वर राम, थाना प्रभारी शत्रुघ्न पासवान, खनन निरीक्षक राहुल कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे. यहां अवैध भंडारण को भी जब्त किया गया. उत्क्रमित विद्यालय बुनूडीह में 328 एमटी जबकि जानमडीह में 12095 सीएफटी अवैध क्वार्टजाइट पत्थरों को जब्त किया गया. पटमदा के कमलपुर थाना क्षेत्र के बारुबेड़ा फुटबॉल मैदान के पास 569 एमटी और कुमीर के ग्राम प्रधान के घर के पास से 132 एमटी क्वार्टजाइट पत्थरों को जब्त किया गया है. यहां अवैध खनन और खनिज को संतोष महतो, गुड्डू सिंसह और कृष्ण चंद्र द्वारा कराया जाता था, जिसके खिलाफ एफआइआर दायर किया गया है.






