
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित बैकुंठनगर ऑफिस रोड निवासी युवक मनीष तिवारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मनीष तिवारी इंद्रदेव पासवान के मकान में भाड़े पर रहता था. वह अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ रहता था और सिक्यूरिटी गार्ड की नौकरी करता था. लॉकडाउन के कारण उसको पिछले दिनों ही ड्यूटी से बैठा दिया था, जिस कारण वह काफी दिनों से आर्थिक तंगी से गुजर रहा था. आर्थिक तंगी के कारण अक्सर वह काफी टेंशन में रहता था. बताया जाता है कि शाम को करीब चार बजे उसकी पत्नी दूध लाने के लिए गयी. दूध लेकर लौटी तो देखा कि घर के छत के सहारे एक कपड़े के सहारे फांसी लगा ली है.

पत्नी ने तत्काल हल्ला मचाना शुरू किया. जब तक लोग जुटते और उसको फंदे से उतारा जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना पाकर तत्काल लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह को सूचना दी, जिसके बाद विकास सिंह ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने मामले की जांच की और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है. परिजनों को इसकी सूचना दी गयी है. पति, पत्नी और एक चार साल का बच्चा ही साथ में रहता था. आर्थिक तंगी से हुई मौत को लेकर चर्चा का बाजार गरम है.





