
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना इलाके के बसंत टॉकीज में सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना अंतर्गत गोविंदपुर निवासी सिरोही कैवर्त की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है. बताया जाता है कि मृतक मछली विक्रेता था और हर दिन राजनगर से मछली लेने जमशेदपुर आता था. बुधवार की सुबह चार बजे मृतक अपनी स्कूटी से जमशेदपुर आया था. जहां से साकची थाना पुलिस द्वारा परिजनों को सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना दी गई. परिजनों ने बताया कि यहां पहुंचने पर मालूम हुआ कि उसकी मौत हो गई है. वैसे यह घटना कैसे घटी इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है. फिलाहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं परिजन घटना के बाद हैरान हैं. इस मामले में स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर कैसे उक्त व्यक्ति की मौत हुई है. इस मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज से धक्का मारने वाली गाड़ी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन परिजन परेशान है कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ है.







