
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना अंतर्गत कालियाडीह गांव के पास रहने वाले कृष्णा नामक 26 वर्षीय युवक की कैनाल में डूबने से मौत हो गई. बताया जाता है कि कृष्णा रविवार की शाम नहाने के लिए कैनाल में उतरा था. नहाते वक्त ही वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा. वहां चूंकि लोग नहीं थे, इस कारण उसको बचाया नहीं जा सका और वह गहरे पानी में चला गया. जब तक कुछ लोग आते हैं, वहां तब तक वह डूब चुका था. काफी मशक्कत के बाद उसके शव को बाहर निकाला जा सका. कृष्णा कालियाडीह गांव का ही रहने वाला है और उसके माता पिता का निधन पहले ही हो चुका है. वह उसी इलाके में छोटे-मोटे काम करके अपना जीवन यापन करता था. रविवार की शाम पुलिस ने उसके शव को बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके.

















