
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के बारीनगर में मवेशी को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गयी. बताया जाता है कि दोनों गुटों के बीच हिंसक झड़प के साथ ही मारपीट भी हुई है और एक दूसरे पर पथराव भी किया गया है. बारीनगर के नवीनगर के पास यह घटना घटी है. बताया जाता है कि नवीनगर के आसपास के इलाके में लगातार मवेशियों को रखा गया था. इसी बीच अचानक से हिंदूवादी संगठनों के लोग के लोग पहुंच गये. इन लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया. इसके बाद टेल्को थाना की पुलिस और क्यूआरटी की टीम पहुंची. इन लोगों ने वहां पर जांच शुरु की.

हिंदूवादी संगठनों के लोग वहां आकर हंगामा करने लगे कि मवेशियों को कत्ल करने के लिए रखा गया है, जिसके प्रतिवाद में बारीनगर के लोगों ने किया और कहा कि बेवजह माहौल को खराब किया जा रहा है. इसके बाद जोरदार हंगामा होने लगा. इस बीच क्यूआरटी की टीम ने लाठीचार्ज कर दिया. आनन-फानन में पुलिस बलों ने हालात को संभाला. इस बीच हिंदूवादी संगठनों के लोग वहां से भाग निकले. इसके बाद क्यूआरटी की टीम के साथ बारीनगर के लोग ही उलझ पड़े. उनका कहना था कि जिन लोगों ने हंगामा किया, उस पर पुलिस कार्रवाई करें. इस दौरान लोगों ने पुलिस पर ही पक्षपात का आरोप लगा दिया, जिसको लेकर पुलिसवालों से ही बहस शुरू हो गयी. मौका को देखते हुए पुलिस की टीम ने सभी को पीछे हटाया, जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया.

लाठीचार्ज होने के बाद फिर से जवाब में लोगों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया. माहौल खराब होता देख तत्काल सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट और एसडीओ चंदन कुमार समेत कई थाना की पुलिस पहुंची और मोरचा ली. इस दौरान लोगों ने मिलकर पुलिस पर भी पथराव किया. जब पुलिस ने लाठीचार्ज करना शुरू किया, तब जाकर माहौल कुछ शांत हो पाया. इस मामले को लेकर बड़े पैमाने पर पुलिस बलों को वहां तैनात कर दिया गया है. पुलिस मामले के दोषियों पर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है. पुलिस के आश्वासन के बाद माहौल कुछ शांत हो पाया. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है.
इसके बाद माहौल नियंत्रित तो है, लेकिन अंदर ही अंदर लोग सुलगे हुए है. इस मामले को लेकर पुलिस वहां कैंप कर रहा है. दरअसल, बकरीद का त्योहार भी है और बकरीद के दौरान माहौल को शांत रखना पुलिस प्रशासन के लिए भी चुनौती है.







