
सरायकेला : जिला पुलिस को एक और कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस प्रतिबंधित पशु एवं मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने को लेकर लगाए जा रहे अभियान के तहत जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में बीती रात वाहन जांच अभियान चला रही थी. उस दौरान पुलिस को देख एक इनोवा कार OR02- BA- 3366 चालक अचानक भागने लगा. उसे खदेड़ कर कपाली ओपी पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया.
इनोवा में सवार तीन युवक शेख असगर, शेख फिरोज और शेख अकरम अंधेर का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहे, जबकि चौथा शाहरुख खान को पुलिस ने दबोच लिया. गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस ने सेलो टेप से सटा दो-दो किलो का नब्बे बंडल गांजा बरामद किया, जिसका कुल वजन लगभग 186 किलो बताया जा रहा है. पुलिस ने गाड़ी सहित गांजा को जब्त कर लिया है.
बताया जा रहा है कि गांजा जमशेदपुर के आजादनगर के किसी सिकंदर नामक तस्कर के यहां पहुंचाया जा रहा था. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. वहीं गिरफ्त में आए तस्कर शाहरुख खान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. जिला पुलिस के लिए इसे बड़ी सफलता के रूप में देखी जा रही है.







