
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना अंतर्गत टाटा-हाता मुख्य मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया. इससे स्कूटी पर सवार बाप बेटी गंभीर रुप से घायल हो गए. घटना को अंजाम देने के बाद वाहन तेजी से हाता की ओऱ फरार हो गया. इधर सूचना मिलने पर सुंदरनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस स्कूटी को जब्त कर थाना ले गई. मृतक की पहचान बागबेड़ा गांधीनगर निवासी सिलापा कुमारी राणा (12) और लालू राणा (45) के रुप में की गई है.

इधर सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे. बताया जाता है कि दोनों बाप-बेटी हल्दीपोखर से स्कूटी से जमशेदपुर के बागबेड़ा वापस आ रहे थे. कुदादा के पास पोटका की ओऱ जा रहे 407 वाहन ने उन्हे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गये. फिलहाल पुलिस 407 वाहन की पहचान में जुट गई है. इस घटना के बाद मातम का माहौल है. पूरे बागबेड़ा में सारे लोग इस दर्दनाक घटना से गमजदा है.






