
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत देवगम बागान में सोमवार देर रात अड्डेबाजी का विरोध करने पर बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. घटना सोमवार देर रात की है. इस संबंध में देवगम बागान निवासी दिवेश राज के बयान पर गोलमुरी थाना में मामला दर्ज कराया गया है. दिवेश ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम को कुछ युवक उसके घर के सामने अड्डेबाजी कर रहे थे, उन लोगों को अड्डेबाजी करने से मना किया तो सभी उससे उलझ गए. स्थानीय लोगों बकझक होते देख आसपास लोग जमा होने लगे. स्थानीय लोगों को देखते हुए सभी मौके से फरार हो गए. देर रात लगभग 1 बजे बाइक में सवार होकर खालसा बस्ती निवासी करण एक अन्य युवक के साथ उसके घर के बाहर आया और घर पर गोली चला दी. इस मामले में गोलमुरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. घटना स्थल से एक गोली का पिलेट बरामद किया गया है. घटना स्थल पर कोई सीसीटीवी नहीं लगा है, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक करण कई मामलों में जेल जा चुका है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.













