
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत क्रिश्चियन बस्ती निवासी दीपक रोहित के घर पर उनकी गैरहाजिरी में करीब 50 की संख्या में असमाजिक तत्व घुसे और घर में जम कर उपद्रव मचाया. सभी ने उनके घर पर जमकर तोड़ फोड़ की. ईंट-पत्थर से उनके घर के आगे और पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और घर में मौजूद लाखों रुपये औऱ गहनों की भी चोरी कर ली. घटना के समय दीपक की पत्नी सोनी खालखो, 70 वर्षीय ससुर असित खालखो, सास मेरी खालखो और 17 वर्षीय बेटी मौजूद थी. घटना सोमवार देर रात की बतायी जाती है. सभी ने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी भी की. घटना के समय पत्नी सोनी खालखो ने 100 डायल कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस को देख सभी मौके से फरार हो गए. इधर पुलिस ने दीपक के ससुर को जान-माल के डर से रात भर थाने में रखा. इस संबंध में अभी तक थाना में लिखित शिकायत नहीं की गई है. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
गली में युवती के साथ अश्लील हरकर कर रहा था युवक, मना करने पर घटना को दिया अंजाम
पेशे से रियल स्टेट कारोबारी दीपक रोहित ने बताया कि वह घटना के वक्त घर पर नहीं थे. रात को पत्नी रसोई में खाना बना रही थी. रसोई की खिड़की पीछे की गली में खुलती है, जहां अंधेरा रहता है. खिड़की खोलने पर उसने देखा की एक युवक युवती के साथ अश्लील हरकत कर रहा था. उसने जब आवाज लगाई तो दोनों भागने लगे. इसी क्रम में युवक गली में लड़खड़ते हुए गिर गया. जाते-जाते उसने धमकी भी दी. थोड़ी देर बाद करीब 50 की संख्या में कुछ युवक आये और घर को घेर लिया. सभी ईंट-पत्थर चलाने लगे. दरवाजे को तोड़कर सभी अंदर घुस गए और घर में मौजूद कीमती सामानों की चोरी कर ली. सभी ने आंगन में रखे तीन बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. उसके बाद घर में रखे 2.25 लाख नकद समेत लगभग दो लाख रुपये की चोरी कर ली. तोड़फोड़ से भी करीब 1.5 लाख का नुकसान हुआ है. दीपक ने बताया कि उनका परिवार पूरी तरह से डरा-सहमा हुआ है.






