
रांची : अदालत में अपने मुकदमों की जानकारी और तारीख जानने के लिए मुवक्किलों को अब हर दिन अदालतों और वकीलों के पास आने की जरूरत नहीं पड़ेगी. एक तारीख पर हाजिरी लगाने के बाद दूसरी तारीख की जानकारी के लिए घंटो इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा. अदालतों से ही मुवक्किलों के मोबाइल पर मुकदमे की तारीख का एसएमएस पहुंच जाएगा. इसकी जानकारी इ-मेल पर भी भेजी जाएगी. झारखंड की सभी अदालतों में यह व्यवस्था जल्द शुरू होगी. काम अंतिम चरण में है. इसके लिए मुवक्किलों को मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी केस फाइलिंग के दौरान रजिस्टर्ड करना होगा. अदालतों में ई-कोर्ट प्रोजेक्ट के तहत यह सुविधा जल्दी शुरू कर दी जाएगी. सेवा शुरू होने के बाद केस की सुनवाई की तिथि की जानकारी दी जाएगी. इसके बाद जिस दिन केस सूचीबद्ध रहेगा, उस दिन भी इसकी जानकारी मुवक्किल को एसएमएस से मिल जाएगी. निर्धारित तिथि पर सुनवाई नहीं होने पर इसकी सूचना के साथ नई तिथि की जानकारी भी उसी दिन दी जाएगी. याचिका दायर करते समय अब वकीलों के साथ-साथ मुवक्किलों का मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी देना अनिवार्य किया गया है. मुवक्किल यदि इसकी जानकारी नहीं देंगे, तो उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. अभी सिर्फ वकीलों को ही एसएमएस से जानकारी दी जाती है. केस फाइल होते ही केस नंबर मोबाइल पर मिल जाता है. यदि याचिका में किसी प्रकार की त्रुटि रहती है, तो उसकी भी सूचना वकीलों को एसएमएस से मिल जा रही है. केस की तिथि के साथ अगली तिथि की भी जानकारी मिल जाती है. वकीलों को अलग-अलग कोर्ट के मामलों की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी मोबाइल पर मिल जाती है. झारखंड के विभिन्न जिला अदालत में करीब 14 सौ से 15 सौ मामलों की रोज सुनवाई होती है. ऐसे में अदालत में आने वाले लोगों को कई बार मामले की अगली तारीख की जानकारी के लिए भटकना पड़ता है. इसे देखते हुए अदालत ने तारीख के बारे में एसएमएस से जानकारी देने की
योजना तैयार थी, जिस पर काम भी शुरू हो गया है. वैसे अदालतों की साइट पर अभी ब्योरा उपलब्ध रहता है. इसमें केस नंबर, वकील के नाम, वादी के नाम और जज के नाम के साथ मामलों की जानकारी ली जा सकती है. साइट में अगली तिथि की जानकारी नहीं मिल पाती है. इसके अलावा हर मामले के आदेश भी अपलोड किए जा रहे हैं. हाईकोर्ट में किस कोर्ट में किस मामले की सुनवाई हो रही है, इसकी जानकारी के लिए वकीलों को अब कोर्ट का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है. हाईकोर्ट के एडवोकेट हॉल और सभी कोर्ट रूप में डिस्प्ले बोर्ड लगाया गया है. इसमें हर कोर्ट में किस मामले की सुनवाई चल रही है, इसका ब्योरा उपलब्ध रहता है. इससे वकीलों को एक स्थान से अलग-अलग कोर्ट में चल रहे मामलों की सुनवाई की जानकारी मिल जा रही है.






