जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को ग्रामीणों ने एक दंपती को ठगी करते पकड़ा. दोनों पति पत्नी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के नाम पर ग्रामीणों को ठगने का काम कर रहे थे. ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. दोनों बिहार के छपरा जिले के रहने वाले हैं और 4 महीने से थाना क्षेत्र में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के नाम पर ग्रामीणों को ठग रहे थे. पकड़ाए गए दंपत्ति के नाम तारक नाथ तिवारी उर्फ संजय तिवारी और रोशनी कुमारी है. इस मामले में गोविंदपुर थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि बुधवार को उन्हें ग्रामीणों ने दंपत्ति को पकड़कर सौंपा. पूछताछ में पता चला कि दोनों दंपत्ति 4 माह से इलाके में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के नाम पर सभी से 2 सिलेंडर देने के लिए 520 रुपए ले रहे थे. बुधवार को भी उन्होंने छह लोगों को ठगा है. इसके लिए वे सभी को एक क्लिप भी देते थे. ग्रामीणों को शक होने पर उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय गैस एजेंसी को दी. जिसके बाद स्थानीय गैस एजेंसी ने दोनों का सत्यापन किया. सत्यापन में दोनों दंपत्ति फर्जी निकले इस संबंध में ग्रामीण ठगी का शिकार हुए महावीर मन्ना ने थाने में शिकायत की है. फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है कि अब तक उन्होंने कितने लोगों को ठगा है.





