
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत मनीफिट में गुरुवार की दोपहर पिलर उठाने को लेकर दो पड़सियों में विवाद हो गया. इसी बीच रसपाल सिंह ने अपने पड़ोसी जसप्रीत सिंह को ईंट से मारकर घायल कर दिया. घटना के बाद जसप्रीत सिंह ने एमजीएम अस्पताल में अपना इलाज करवाया. जसप्रीत के सिर पर चोट आयी है. वहीं इस घटना में जसप्रीत के भाई सतनाम सिंह को भी हल्की चोटें आयी हैं. घटना के संबंध में जसप्रीत ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले रसपाल सिंह उर्फ अनमोल घर बनाने के लिए पिलर खड़ा करवा रहा था. वह पिलर को देखने गया था. चूंकि घर में कोई अभिभावक मौजूद नहीं है, इसलिए उसने रसपाल से कहा कि अभिभावक के आने के बाद बातचीत कर पिलर खड़ा करे, क्योंकि पिलर के लिए गढ्ढा खोदने से उसके घर को नुकसान पहुंच सकता है. इसी बात को लेकर रसपाल भड़क गया और घर पर कब्जा करने की बात कहने लगा. इतने में ही उसने पास रखी ईंट से हमला कर दिया. फिलहाल इस संबंध में अभी तक थाना में किसी तरह की शिकायत नहीं की गई है.







