
जमशेदपुर : सरायकेला-खररसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित एनएच 33 पर पाइप लदा एक ट्रेलर संख्या सीजी-04-एचएस-2257 ने चौका थाना क्षेत्र के दिनाई गांव के रहने वाले युवक भूषण चंद्र महतो को ही कुचल दिया. भूषण चंद्र महतो अपने बाइक संख्या जेएच05बीयू-1674 पर सवार होकर अपने काम से चौका से झाबरी की ओर जा रहा था कि चौका से करीब चार किलोमीटर दूर एनएच 33 पर एक ट्रेलर ने उक्त युवक को कुचल दिया, जिससे उसके सड़क पर ही चिथरे उड़ गये और उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही सड़क पर ही कोहराम मच गया. लोगों ने सड़क जाम कर दिया.

काफी देर के बाद लोगों के समझाने बुझाने के बाद जाम को हटाया जा सका. लोग मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. दिनाई गांव निवासी भूषण चंद्र महतो की उम्र करीब 35 साल बतायी जा रही है, जिसका विवाह हो चुका था और बच्चे भी है. वह चेन मार्केटिंग एजेंसी आरसीएम का एजेंट भी था और लोगों से संपर्क बनाकर काम करता था. आरसीएम के काम से ही वह चौका से निकलकर अपनी बाइक से जा रहा था कि रास्ते में वह हादसे का शिकार हो गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.






