
चाईबासा : चाईबासा पुलिस को टेबो थाना अन्तर्गत ग्राम एरकोड़ा गांव के आसपास के क्षेत्र में प्रतिबंधित पीएलएफआई नक्सली संगठन के शनिचर सुरीन एवं अजय पुर्ती दस्ते के 10-11 अज्ञात हथियारबंद सदस्यों के भ्रमणशील होने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए चाईबासा पुलिस के द्वारा सीआरपीएफ एवं जिला पुलिस के एक संयुक्त अभियान दल का गठन किया गया। दल द्वारा संचालित अभियान के दौरान छापामारी की गयी। उक्त छापामारी के क्रम में ग्राम एरकोड़ा के जंगल पहाड़ में भाग रहे दो संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस बल द्वारा दौड़ा कर पकड़ा गया। पकड़ाये व्यक्तियों से नाम पता पूछने पर एक ने अपना नाम मंगरा मुण्डरी उर्फ जबरा मुण्डरी (35) दूसरे ने अपना नाम सनिका नाग उर्फ धर्मदास नाग (28) बताया तथा प्रतिबंधित पीएलएफआई नक्सली संगठन के शनिचर सुरीन एवं अजय पुर्ती के दस्ता के साथ प्रतिबंधित पीएलएफआई के लिए ठेकेदारों से लेवी वसूलने, राशन पहुंचाने, पुलिस की गतिविधि की सूचना देने आदि के संबंध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उल्लेखनीय है कि दोनों पकड़ाये संदिग्धों की तलाशी लेने पर मंगरा मुण्डरी उर्फ जबरा मुण्डरी के पास से काले रंग का एक वायरलेस सेट, 12VOLT-07AH का बैटरी तथा जेब से चार अदद प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई का पर्चा, जिसमें लाल रंग से पीपुल्स लिब्रेशन फ्रंट ऑफ इंडिया लिखा हुआ एवं सनिका नाग उर्फ धर्मदास नाग के पास से एक वारयलेस सेट का चार्जर, एक मोबाइल एवं पैंट की जेब से दो अदद प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई का पर्चा बरामद हुआ। इस संबंध में टेबो थाना में भादवि एवं सी एलए एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।





