
देवघर : देश भर में बाबाधाम के रुप में प्रसिद्ध झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के बाघमारा गांव स्थित एक अर्धनिर्मित घर से मंगलवार को तीन युवकों के शव बरामद किये गये. तीनों की गोली मार कर हत्या की गई है. इस मौके पर से एक पिस्तौल भी बरामद किया गया है. घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. तीनों युवक इस घर में क्या कर रहे थे, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. पर घटनास्थल से डेंड्राइट बरामद किया गया है. मृत युवकों में सोनू कुमार (22), रितेश सुलतानिया (22) और छोटू कुमार (23) शामिल हैं. सोनू अपने घर में इकलौता पुत्र था. दो माह पूर्व ही गिद्धौर के दिग्घी में उसकी शादी हुई थी. घटनास्थल पहुंचे सोनू के पिता मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि रितेश ने सोमवार की सुबह 10 बजे सोनू को घर से लेकर गया था. नशे की हालत में थे तीनों पुलिस ने छोटू के मोबाइल पर कॉल कर लॉकेशन समझा और मौके पर पहुंची तो तीनों का शव मिला. आशंका जाहिर की जा रही है कि तीनों नशे की हालत में थे. आपस में किसी विवाद के बाद इनमें से एक ने दो को गोली मार खुद सुसाइड कर लिया हो. वहीं, पुलिस इस बिंदू पर भी जांच कर रही है कि किसी ने तीनों की मौके पर ही गोली मारकर हत्या कर दी हो. फिलहाल, झारखंड में इस घटना से सनसनी फैल गयी है.














