
रांची : झारखंड के मानव तस्करी को रोकने के लिए चल रहे अभियान का सकारात्मक असर भी देखने को मिल रहा है. इस कड़ी में गुरुवार को रांची एयरपोर्ट से 7 लड़कियों को बचाया गया. इन सातों लड़कियों को हवाई जहाज से दूसरे राज्य भेजा जा रहा था. एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने लड़कियों को बचाने में कामयाबी हासिल की. इन लड़कियों को ले जाने वाले दो दलालों को भी पकड़ा गया है, जिनसे रांची पुलिस पूछताछ कर रही है. लड़कियां दिल्ली ले जायी जा रही थी, ऐसी पूछताछ में बातें सामने आयी है. जानकारी मिली है कि जमशेदपुर, चाईबासा के अलावा रांची, रामगढ़, हजारीबाग समेत अन्य जिलों की लड़कियां शामिल है. इसमें सारी लड़कियां 15 से 22 साल के बीच की बतायी जा रही है. इसको लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है. एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की तरफ से अब तक कोई अधिकारिक बयान नहीं दिया गया है.






