
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत घाघीडीह स्थित शराब दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपए नकद एवं करीब 90 हजार रुपए मूल्य के अलग-अलग ब्रांडों की 15 से 20 पेटी शराब की चोरी कर ली. बुधवार सुबह जब दुकान खोलने दुकानदार संजय कुमार पहुंचे तो शटर का ताला टूटा पाया. इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. वहीं बागबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है. वैसे पिछले दिनों बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में भी चोरों ने शराब दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था. बीते एक पखवाड़े के भीतर जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.






