
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत पारडीह निवासी 15 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी के अपहरण के बाद पुलिस ने 24 घंटे में ही नाबालिग को बरामद कर लिया है. पुलिस ने उसे नामजद आरोपी कांड्रा निवासी राहुल कुमार के घर से सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस उसे वापस ला रही है, वहीं पुलिस ने इस मामले में राहुल को भी हिरासत में ले लिया है. वापस आने के बाद पुलिस अब नाबालिग को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी करेगी. इसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा. बता दे कि शुक्रवार सुबह 9 बजे नाबालिग स्कूल के लिए निकली थी पर वापस नहीं आई. जब उन्होंने पता किया तो पता चला कि वह स्कूल गई ही नहीं थी. परिजनों ने कांड्रा निवासी राहुल पर शक जताते हुए मामला दर्ज कराया था.












