
गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में अपराधकर्मी चन्दन, संजय और रंजन द्वारा एक बार फिर से दहशत फैलाने का मामला प्रकाश में आया है. वैसे इस बार अपराधियों के परिजनों पर भी बस्तीवासियों ने मारपीट और गाली गलौज का आरोप लगाया है. इस संबंध में बोलाईडीह बस्ती की महिलाओं ने गम्हरिया थाने में शिकायत दर्ज करायी है. जानकारी देते हुए महिलाओं ने बताया कि बस्ती की महिलाएं आपस में हंसी-मजाक कर रही थीं, इसी बीच अपराधियों के परिजनों ने छींटाकशी का आरोप लगाते हुए बस्ती की महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी. महिलाओं ने बताया कि उन्हें अपराधकर्मी चंदन, रंजन और संजय ने भी जान से मारने की धमकी दी है. फिलहाल गम्हरिया थाना पुलिस मामला दर्ज करते हुए मामले की तफ्तीश में जुट गई है. उधर घटना के बाद बस्ती की महिलाओं में डर का माहौल देखा गया.













