
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत एस टाईप चौक स्थित संरचना इंडिया और श्री राम फर्नीचर दुकान के मालिक श्याम नारायण शर्मा ने आदित्यपुर थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए एसपी को एक शिकायत दर्ज कराई है. जिसकी प्रतिलिपि डीआईजी और आईजी को भी भेजी है. एसपी को दर्ज किए गए शिकायत में श्याम नारायण शर्मा ने लिखा है, कि रविवार को उनके दुकान में सुखदेव महतो नामक व्यक्ति द्वारा तोड़फोड़ किया गया है. साथ ही दुकान में रखे कीमती सामान गायब कर दिए गए हैं. सुबह दुकान खोलने पर मामले से आदित्यपुर थाना पुलिस को अवगत कराया गया. मौके पर पहुंची पुलिस दुकान की वीडियोग्राफी कर अपने साथ ले गई. पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाने पर एसआई जितेंद्र कुमार द्वारा दुकान बंद करने का फरमान जारी कर दिया गया. दर्ज शिकायत में उन्होंने लिखा है, कि जब वे अपनी दुकान का रिपेयरिंग करा रहे थे, उसी वक्त पुलिस को साथ ले बिल्डर सुखदेव महतो वहां आ धमका और मरम्मत के काम में लगे मिस्त्री और रिश्तेदारों को दुकान में बंधक बना लिया. साथ ही रिपेयरिंग के लिए रखे मैटेरियल्स को फेंक दिया. काफी मशक्कत के बाद मिस्त्री और रिश्तेदारों को मुक्त कराया गया उन्होंने शिकायत में यह भी लिखा है, कि थाना प्रभारी बिल्डर सुखदेव महतो के मकान में ही रहते हैं, और सुखदेव महत्व के साथ उनका पूर्व से विवाद चला आ रहा है, जो कोर्ट में विचाराधीन है थाना प्रभारी द्वारा उन्हें केस उठाने को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है, और बिल्डर का साथ दिया जा रहा है. साथ ही दुकान छोड़ने की भी धमकी दी जा रही है. उन्होंने लिखा है कि उनका केस संख्या 49/ 2019 सिविल जज एसआर- 1 के यहां पेंडिंग है, जबकि उसमे न्यायालय द्वारा पेश किए जाने का भी निर्देश जारी किया गया है. साथ ही केस संख्या 634/ 2019 सीजेएम सरायकेला- खरसावां के यहां दर्ज है. जिसका आदित्यपुर थाना केस नम्बर 4/ 2020 दर्ज है, जिसमें धारा 420, 406, 403, 467, 468, 386, 388 और 341 के तहत मामला दर्ज होने के बाद भी थाना प्रभारी एवं मामले के आईओ द्वारा उन्हें ही परेशान किया जा रहा है. उन्होंने बिल्डर के साथ मिलकर थाना प्रभारी द्वारा प्रताड़ित कर लाखों का नुकसान पहुंचाने का दावा किया है. साथ ही एसपी से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है.


















