
जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के हावड़ा सिटी के बी गार्डन थाना अंतर्गत शिवपुर में 21 अप्रैल को टीएमसी कार्यकर्ता भोला राय पर फायरिंग करने के मामले में शुक्रवार को हावड़ा सिटी पुलिस शहर पहुंची. हावड़ा सिटी पुलिस को सूचना मिली थी कि भोला पर फायरिंग करने का आरोपी सलीम के भाई का ससुराल मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 10 में है. जानकारी मिलते ही हावड़ा सिटी पुलिस शहर पहुंची और मानगो पुलिस की सहायता से सलीम के भाई के ससुराल पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान मौके पर एक बुजुर्ग मिला जिसने पुलिस को बताया कि सलीम और उसके भाई से अब उनका कोई रिश्ता नहीं है. उनसे पूछताछ करने के बाद पुलिस वापस चली आई. हावड़ा सिटी पुलिस अन्य जगहों पर भी छापेमारी करने की तैयारी कर रही है.
टीएमसी नेता की हत्या का चस्मदीद गवाह है भोला
दिसंबर 2020 में टीएमसी नेता धर्मेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. भोला उस मामले का चस्मदीद गवाह है. घटना के वक्त वह घर के बाहर टहल रहा था. इसी बीच बाइक पर सवार होकर पांच अपराधी मौके पर पहुंचे और भोला पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए थे. फिलहाल भोला की स्थिति खतरे से बाहर है. इधर पुलिस ने जांच के दौरान पांचों अपराधियों की पहचान कर ली है. सूत्रों के अनुसार इस मामले में हावड़ा सिटी पुलिस ने 3 अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली है. पुलिस सलीम और एक अन्य को गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.






