जमशेदपुर : जुगसलाई के विक्रम सिंह हत्याकांड के आरोपी टुनटुन सिंह को पुलिस ने जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक के पास गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी है. लेकिन अचानक से हुई गिरफ्तारी और एक घंटे में ही पुलिस ने जेल भी भेज दिया. उसको साकची जेल में भेजा गया. टुनटुन सिंह हत्याकांड का आरोपी है, जिसको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस चार दिनों से परेशान थी. अचानक से उसको गिरफ्तार कर लिया गया और तत्काल उसको जेल भी भेज दिया गया. टुनटुन सिंह एक हत्याकांड का आरोपी था. इसको लेकर भाजपा में गुस्सा है. इस हत्याकांड के उदभेदन का इंतजार सारे लोग कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने टुनटुन सिंह को हथियारों के साथ गिरफ्तारी दिखायी और तत्काल जेल भी भेज दी. वैसे यह सर्वविदित है कि पुलिसवालों से उनकी काफी नजदीकी है. यह हो सकता है कि उसका लाभ उनको दिया गया हो क्योंकि बड़े से बड़े केस में ऐसी जल्दबाजी पुलिस की ओर से नहीं दिखायी गयी. यह बताया गया कि हो सकता था कि विधि-व्यवस्था की परेशानी उत्पन्न हो जाती, इस कारण उसको जेल भेज दिया गया. लेकिन जब वह पुलिस की कस्टडी में था, तो फिर विधि-व्यवस्था की कहां से बात आती. पुलिस क्या इतनी कमजोर है कि उसके कस्टडी में कोई भी विधि-व्यवस्था की परेशानी पैदा कर सकता था. वैसे सूत्र बता रहे है कि पुलिस के सामने खुद हथियार टुनटुन ने डाल दिये, जिसके बाद पुलिस को सारी कहानी बतायी, जिसके बाद पुलिस ने सीधे उसको जेल भेज दिया. बताया जाता है कि टुनटुन सिंह ने पुलिस को बताया है कि उसका पैसे के लेनदेन का विवाद विक्रम सिंह के साथ था. उसने बताया कि घटना के दिन उससे बातचीत शुरू हुई और विक्रम सिंह ने भी उसका प्रतिवाद किया, जिसके बाद डराने के लिए टुनटुन सिंह ने विक्रम सिंह को पिस्तौल भिड़ा दी. इसी बीच गोली उससे चल गयी, जिससे विक्रम सिंह की मौत हो गयी. टुनटुन सिंह वहां से गोली चलाने के बाद भाग निकला. उसने बताया कि वह हत्या करना नहीं चाहता था, लेकिन ऐसा हो गया. वैसे पुलिस ने कहा है कि अभी पुलिस मामले का अनुसंधान कर रही है और संभव है कि उसको फिर से पुलिस रिमांड पर लेगी.
















