
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत एबी पैलेस में रविवार की शाम होटल के संचालक टुनटुन सिंह द्वारा विक्रम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल की जांच की थी पर पुलिस को घटनास्थल से खोखा नहीं मिला था. इधर घटना के छह दिन बाद होटल के बगल वाले घर के छत में खोखा बरामद किया गया है. घर के मालिक इंद्रजीत सिंह सचदेवा ने छत पर खोखा देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और खोखा को जब्त किया. यह अंदेशा जताया जा रहा है कि घटना की ठीक बाद किसी ने खोखा उठाकर खिड़की से बाहर फेंक दिया होगा. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि वे शाम को अपने घर के छत पर टहल रहे थे. इसी बीच उन्होंने खोखा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी. इस मामले में आरोपी टुनटुन सिंह को पुलिस ने गुरुवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी. बता दे कि रविवार की देर शाम रुपए के लेनदेन को लेकर टुनटुन और अमर प्रताप बातचीत कर रहे थे. इसी बीच अमर का भाई विक्रम मौके पर पहुंचा. दोनो पक्षों के बीच झड़प हुई जिसके बाद टुनटुन के लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चल गई जो की विक्रम को लगी. बाद में विक्रम की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. फिलहाल इस मामले में छह लोगों को आरोपी बनाया गया था जिसमे से राजकुमार सिंह उर्फ राजू सिंह और टुनटुन सिंह को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है.












