(रितुराज सिन्हा की रिपोर्ट) देवघर : झारखंड के देवघर जिले में सारठ थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने एक दिलेरी वाली घटना को अंजाम दिया. थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर यह घटना होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है और पुलिस पर ही सवाल उठाये जा रहे है. देवघर के सारठ में तारा फैशन कपड़े की दुकान में दिनदहाड़े चार अपराधी पिस्तौल लेकर बाइक से पहुंचे. हाथों में पिस्तौल लेकर सारे लोग दुकान संचालक को पहले अपने कब्जे में लिया. इसके बाद पिस्तौल दिखाकर दुकान से सारे पैसे की लूट कर ली. दुकान संचालक को पिस्तौल सटाकर 40 हजार नगद व एक लैपटॉप लूट ली. चारो अपराधी दो पल्सर बाइक से आये थे. पहले दुकान में कपड़े को देखा, फिर एकाएक काउंटर पर जाकर पिस्तौल सटाकर लूट की घटना को अंजाम दिया. इसके बाद आसानी से सारे अपराधी भाग भी गये. खबर पाकर सारठ थाना प्रभारी करुणा सिंह दल-बल के साथ पहुंचे और घटना को लेकर पूछताछ शुरू की. पूरी लूटपाट की यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो चुकी है. यह घटना सारठ थाना स्थित शांति चौक के पुराना अस्पताल वाली गली में घटी है.














